home page

लड़की की विदाई कराने जा रही स्कॉर्पियो पलटी : चालक की मौत, छह घायल

 | 
लड़की की विदाई कराने जा रही स्कॉर्पियो पलटी : चालक की मौत, छह घायल


लड़की की विदाई कराने जा रही स्कॉर्पियो पलटी : चालक की मौत, छह घायल


अमेठी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जामों-भादर सम्पर्क मार्ग पर बगिया बहोरखा पावर हाउस के पास सोमवार दोपहर विदाई में जा रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान आसिफ (26) पुत्र मोहम्मद यूसुफ निवासी हड़गड़वा, मुसाफिरखाना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि झकरकटा निवासी राम उजागर की पुत्री अर्चना की शादी 20 फरवरी को हुई थी। सोमवार को परिजन चौथी की रस्म के तहत विदाई कराने पिंडारा गांव जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में घायल होने वालों में नीरज (22) पुत्र राम लखन निवासी झकरकटा, धीरज (11) पुत्र राम लखन निवासी झकरकटा, आराध्या (13) पुत्री अरुण यादव निवासी पूरे रामदीन दखियारा, काजल (16) पुत्री ओमप्रकाश निवासी झकरकटा, वंदना (16) पुत्री राम उजागर निवासी झकरकटा तथा अंजलि (15) पुत्री संजय यादव निवासी जेठवारा गौरीगंज शामिल है। खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।

मुसाफिरखाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी