सड़क दुर्घटना में मोपेड सवार की मौत
अमेठी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेता रोड तिराहा रामगंज में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में मोपेड सवार अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गौरीगंज मुसाफिरखाना रोड पर स्थित नेता रोड तिराहा रामगंज में दूध डेरी के पिकअप वाहन से मोपेड सवार अधेड़ टकरा गया। जिसके चलते अधेड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गई। इसके बाद पिकअप सवार ड्राइवर सहित दो लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन एवं उसके ड्राइवर को कब्जे में ले लिया है तथा मृत्यु के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
गौरीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान नन्हे बाबू पांडेय पुत्र गया प्रसाद पांडेय निवासी इंदरिया मजरे किटियांवा थाना मुंशीगंज जनपद अमेठी के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को सूचित करते हुए लाश का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

