बेटी को बीएड की परीक्षा दिलाने जा रहे पूर्व प्रधान की मार्ग दुर्घटना में मौत,बेटी गम्भीर
फर्रुखाबाद,31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर रविवार की सुबह सड़क हादसे में पूर्व ग्राम प्रधान की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल है। हादसा उस वक्त हुआ जब पिता अपनी बेटी को बीएड प्रवेश परीक्षा दिलाने बाइक से फर्रुखाबाद जा रहे थे।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैथान निवासी पूर्व प्रधान प्रभात कुमार शाक्य (50) रविवार सुबह अपनी पुत्री निशा (25) के साथ बाइक से फर्रुखाबाद में बेटी को बीएड प्रवेश परीक्षा दिलाने एनएकेपी डिग्री कॉलेज जा रहे थे। कायमगंज बिजली घर के पास सामने पहुंचते ही बाइक सवार पिता पुत्री को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कायमगंज पहुंचाया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंस से ईएमटी सौरभ दोनों को जिला अस्पताल लोहिया ले गए, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमन कुमार ने पिता प्रभात कुमार शाक्य को मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस को सूचना दी गई।
गंभीर रूप से घायल बेटी निशा को पहले जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मृतक प्रभात कुमार शाक्य के परिवार में पत्नी प्रेमलता के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी रश्मि की शादी हो चुकी है। घटना के बाद पत्नी प्रेमलता और परिजन बेहाल है।
कोतवाल विनोद शुक्ला ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात रोडवेज बस चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

