home page

हाथरस: सड़क हादसे में एनएसजी कमांडो की मौत, तीन घायल

 | 
हाथरस: सड़क हादसे में एनएसजी कमांडो की मौत, तीन घायल


हाथरस, 06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस की सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के राजा मार्ग पर शुक्रवार को सड़क हादसे में एक एनएसजी कमांडो की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।

कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि थाना राया (मथुरा) क्षेत्र के गांव गुडेरा निवासी एनएसजी कमांडो योगेंद्र सिंह उर्फ भूरा, विष्णु कुमार, सत्यवीर सिंह और जीतू सादाबाद क्षेत्र के गांव गरीब में एक रिश्तेदारी में शामिल होने आए थे। शुक्रवार तड़के सभी कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी कार सादाबाद के निकट राजा मार्ग पर पहुंची, तभी अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही ऊंचागांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

आगरा में इलाज के दौरान एनएसजी कमांडो योगेंद्र सिंह उर्फ भूरा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी आगरा पहुंच गए। कमांडो की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना