रेलवे ने लेक्चरर भर्ती परीक्षा के परीक्षार्थियों के लिए की विशेष व्यवस्थाएं
प्रयागराज, 13 जून (हि.स)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा 14 जून को आयोजित राजकीय इंटर कॉलेज, लेक्चरर भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षार्थियों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यकता पड़ने पर एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार काे बताया कि प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल एवं अलीगढ़ जंक्शन पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विशेष ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अतरिक्त आवश्यकतानुसार ट्रेनों का रीशेड्यूल, एक्सटेंशन भी किया जायेगा .
उन्होंने बताया कि प्रयागराज मंडल रेल प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं हेतु विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। मंडल प्रशासन द्वारा प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी, सुबेदारगंज, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, इटावा, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद एवं मिर्जापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। स्टेशन परिसरों की गतिविधियों की सतत निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। प्रयागराज मंडल सभी परीक्षार्थियों से अपील करता है कि वे समय से स्टेशन पहुंचें, वैध टिकट लेकर यात्रा करें तथा रेलवे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

