home page

रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का मंगलवार को बस्ती दौरा

 | 
रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का मंगलवार को बस्ती दौरा


लखनऊ, 17 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह 18 अगस्त मंगलवार को बस्ती जनपद के दौरे पर पहुंचेंगे। उनके बस्ती आगमन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए बाराबंकी, अयोध्या और गोंडा जनपद में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी सोमवार को प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने दी।

उन्होंने बताया कि ऐश्वर्य राज सिंह अपराह्न चार बजे बस्ती पहुंचेंगे, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजभवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। मयंक त्रिवेदी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम बस्ती दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उनके स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। ऐश्वर्य राज सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा युवाओं एवं आम कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने के अभियान को नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा