home page

राष्ट्रीय लोकदल सादाबाद में निकालेगा गांव-गांव नारी सम्मान यात्रा

 | 
राष्ट्रीय लोकदल सादाबाद में निकालेगा गांव-गांव नारी सम्मान यात्रा


हाथरस, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस की सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय लोकदल के नेता प्रवीण कुमार पौनिया ने शुक्रवार को अपने कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी कार्यक्रमाें की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नारी सम्मान यात्रा की शुरुआत शनिवार को सलेमपुर से की जाएगी। यात्रा के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं सहित आम जनता से सीधा संवाद किया जाएगा।

प्रवीण कुमार पौनिया ने बताया कि यात्रा एक दिन छोड़कर आयोजित की जाएगी और करीब चार माह में सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के लगभग 400 गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य नारी सम्मान, जनसमस्याओं की जानकारी और ग्रामीणों से सीधा संपर्क स्थापित करना है। गांवों में पहुंचकर लोगों से बातचीत की जाएगी और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देशों के अनुसार संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता की अपील की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना