home page

महिला उत्थान के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही सरकार : अनिल कुमार

 | 
महिला उत्थान के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही सरकार : अनिल कुमार


रालोद ने महिला शक्ति संगठन कार्यक्रम का किया आयोजन

लखनऊ, 21 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रदेश कार्यालय में आज बुधवार को पार्टी महिला शक्ति को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला शक्ति संगठन की राष्ट्रीय महासचिव शालिनी सिंह की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार एवं रालोद प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय रहे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कार्यक्रम की आयोजक शालिनी सिंह की सक्रियता एवं संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उपस्थित महिलाओं से संवाद कर यह भी जाना कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ किस हद तक मिल रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा कि शालिनी सिंह जैसी ऊर्जावान और समर्पित कार्यकर्ता पार्टी संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति संगठन के माध्यम से पार्टी को नई ऊर्जा और नई दिशा मिल रही है। राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने शालिनी सिंह की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि महिलाओं के कल्याण और उनके सशक्तीकरण के लिए वे लंबे समय से निरंतर प्रयासरत हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम की आयोजक एवं महिला शक्ति संगठन की राष्ट्रीय महासचिव शालिनी सिंह ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने तथा महिलाओं को जोड़ने का कार्य निरंतर करती रहेंगी। इस दौरान तहरी भोज का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम हैदर, रजनीकांत मिश्रा, नम्रता शुक्ला, सर्वेश त्रिपाठी, श्रीश श्रीवास्तव, प्रदेश कोषाध्यक्ष बी.एल. प्रेमी, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह, प्रदेश महासचिव रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, चंद्रकांत अवस्थी, इज़हार अहमद, चौधरी राम सिंह पटेल, पी.के. पाठक, सम्राट चौहान, माया देवी, शरद वार्ष्णेय सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला शक्ति संगठन की पदाधिकारी, जिला एवं प्रदेश स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं की सहभागिता रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा