सर्व समाज को साथ लेकर राजनीति में बढ़ेंगे आगे : केसी त्यागी
बागपत, 26 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के संसदीय दल के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता के.सी. त्यागी का रविवार को बागपत जनपद के बड़ागांव पहुंचने पर भव्य स्वागत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यहां एक फार्म हाउस में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इसे जनसमर्थन का रूप दे दिया।
मंच से संबोधित करते हुए के.सी. त्यागी ने कहा कि उनका पूरा जीवन किसानों के हितों के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा चौधरी चरण सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी, मुलायम सिंह यादव और जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गज नेताओं के साथ शुरू की थी।
उन्होंने कहा कि त्यागी समाज स्वाभिमान के साथ जीने वाला समाज है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में कई बार कठिन फैसले लेने पड़े, लेकिन समाज के सम्मान और किसानों के हित से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाज हमेशा योग्य उम्मीदवार को समर्थन देता है, चाहे वह किसी भी वर्ग का हो।
अपने संबोधन में उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे त्यागी समाज का नाम रोशन करने के साथ-साथ सर्व समाज को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वेदप्रकाश शर्मा (लहचोड़ा) ने की, जबकि संचालन त्रिलोक चंद जैन ने किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र त्यागी, प्रिंसिपल रामकुमार त्यागी (मंडोला), अमित त्यागी, अरुण त्यागी, दीपक त्यागी, लोकेंद्र त्यागी, सतपाल त्यागी, केशव त्यागी, बाबूराम त्यागी, यशपाल त्यागी (रतनपुरी) और दिनेश त्यागी (प्रधान, बड़ागांव) सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

