home page

रालोद में शामिल हुए औरैया के कई राजनेता, ग्रहण की सदस्यता

 | 
रालोद में शामिल हुए औरैया के कई राजनेता, ग्रहण की सदस्यता


लखनऊ, 10 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में पार्टी के वरिष्ठ नेता आदित्य विक्रम सिंह की उपस्थिति में जनपद औरैया के वरिष्ठ पत्रकार आशीष कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में औरैया विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी सुनीता दोहरे सहित दर्जनों लोगों ने बुधवार को राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की।

सदस्यता कार्यक्रम का संचालन रालोद नेता मयंक त्रिवेदी ने किया। उन्होंने जानकारी दी कि सभी नवागंतुकों ने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व तथा पार्टी की किसान, युवा और सामाजिक न्याय आधारित विचारधारा में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता स्वीकार की।

इस अवसर पर आदित्य विक्रम सिंह, बी. एल. प्रेमी, पी.के. पाठक, राम सेवक रावत आदि पदाधिकारियों ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोकदल निरंतर प्रदेशभर में मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए साथियों के जुड़ने से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

सदस्यता ग्रहण करने वालों में सुनीता दोहरे, गंगा सिंह, रतन कुमार दोहरे, रोहतास, शीलू अवस्थी, विजय कुमार चतुर्वेदी, जसराम शर्मा, रघुराज सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया और कहा कि राष्ट्रीय लोक दल किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा। नए सदस्यों ने भी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा