home page

मुख्यमंत्री योगी से मिला रालोद प्रतिनिधिमंडल, गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग की

 | 
मुख्यमंत्री योगी से मिला रालोद प्रतिनिधिमंडल, गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग की


लखनऊ, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के नेतृत्व में पार्टी के सांसदों और विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग उठाई।

मुलाकात के दौरान रालोद प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति और उनकी अपेक्षाओं के मद्देनजर गन्ने के भाव में बढ़ोतरी किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। पार्टी ने किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने को उनके हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।

रालोद के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार किसानों के हित में उचित निर्णय लेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा