home page

गंगा में डूबे कांवड़िये का सुराग नहीं, सर्च ऑपरेशन जारी

 | 
गंगा में डूबे कांवड़िये का सुराग नहीं, सर्च ऑपरेशन जारी


फर्रुखाबाद, 27 मार्च (हि.स)। थाना कंपिल-बदायूं मार्ग स्थित अटैना घाट पर गंगा में डूबे युवक का 32 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। गुरुवार सुबह कांवड़ यात्रा के दौरान हुए इस हादसे के बाद से एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है।

जनपद एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव ततरई निवासी 21 वर्षीय सुदेश यादव अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर से कांवड़ लेकर जल भरने अटैना घाट पहुंचा था। गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद से घाट और आसपास के इलाकों में लगातार तलाश जारी है। युवक के पिता इंद्रपाल सिंह यादव ने बताया कि 32 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बेटे का कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एनडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोर भी गंगा में लगातार खोजबीन कर रहे हैं। एनडीआरएफ के जवान ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से गहरे पानी में उतरकर तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।

प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा और युवक को तलाशने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सीओ राजेश दुबे ने बताया कि बहाव तेज होने की वजह से ऑपरेशन सफल नहीं हो पा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar