पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने से पनकी सुंदर नगर में जलभराव, नगर आयुक्त ने दिए तत्काल राहत के निर्देश
कानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से काम करें। यह बातें मंगलवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहीं।
नगर आयुक्त ने आज पनकी-सुंदर नगर क्षेत्र के जलभराव प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद के साथ पैदल भ्रमण कर जलभराव वाले स्थानों की स्थिति देखी और स्थानीय नागरिकों से भी समस्याओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी, जोनल अभियंता, जलकल विभाग और मार्ग प्रकाश विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण में सामने आया कि पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में जलभराव हुआ है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ दैनिक कामकाज में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सघन सफाई कराने, जमा स्लज और सिल्ट हटाने तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मार्ग प्रकाश व्यवस्था को भी सुचारु रखने को कहा, ताकि जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित इलाकों में नगर निगम की ओर से किए जाने वाले कार्यों में किसी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को जल निकासी, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर गड्ढों तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति का भी नगर आयुक्त ने संज्ञान लिया। उन्होंने जोनल अभियंता को मार्गों की मरम्मत, रखरखाव और सुधार से संबंधित प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभागों के बीच समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

