home page

देवरिया में 16 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान

 | 
देवरिया में 16 दिसंबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान


देवरिया, 17 नवंबर (हि.स.) । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद की समस्त विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर मंगलवार को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का संचालन 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक किया जाएगा।

जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपित कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) संबंधित मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को जागरूक करने के साथ आवेदन प्राप्त करेंगे और उनके फॉर्म भरने में सहायता करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम की कार्यप्रणाली से आमजन को परिचित कराने के उद्देश्य से जनपद में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर भी प्रारंभ किया गया है। यहां पहुंचकर नागरिक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कार्यप्रणाली को समझने और उसका प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।

मतदाताओं की समस्याओं के समाधान एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर की स्थापना की गई है। इसका टोल फ्री नंबर 1950 है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त बुक-अ-कॉल सुविधा भी शुरू की गई है, जिसके माध्यम से नागरिक अपने बीएलओ से सीधे संपर्क कर ईपीआईसी कार्ड तथा फॉर्म-6, 7 एवं 8 से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले आवेदनों का विवरण फॉर्म-9, 10, 11, 11A एवं 11B के माध्यम से नियमित रूप से जिला निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे ।-----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक