home page

सभी फ्यूल स्टेशनों पर 30 नवंबर तक कैमरें करें स्थापित :  मुख्य सचिव

 | 

लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के संबंध में उत्तर प्रदेश के संबंधित जनपदों और विभागीय अधिकारियों के साथ मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को परिवर्तन स्कीम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, परिवर्तन योजना मेलों का आयोजन करने तथा संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित मानकों की अवधि पूरी कर चुके एंड-ऑफ-लाइफ (EOL) वाहनों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने सभी ईंधन स्टेशनों पर ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ नीति के प्रभावी प्रवर्तन के लिए ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों की स्थापना का कार्य 30 नवंबर तक पूरा कराने को कहा।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वायु प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित एक्शन प्लान का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा सभी संबंधित विभागों, जनपदों और स्टेकहोल्डर्स के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित मशीनों एवं उपकरणों की क्रियाशीलता की नियमित जांच की जाए और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित की जाए।

मुख्य सचिव ने पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ड्रोन सहित आधुनिक तकनीक के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन-सीटू क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट (CRM) मशीनों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा पराली की बेल्स के भंडारण के लिए निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने एनसीआर क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए चिह्नित कंजेशन प्वाइंट्स पर अल्पकालिक कार्य तत्काल तथा दीर्घकालिक कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्रों में यातायात जाम को कम करने और वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयार एक्शन प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन कराने को कहा।

बैठक में अपर मुख्य सचिव परिवहन अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव वन एम.पी. अग्रवाल, सचिव नगर विकास अनुज कुमार झा, परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एनसीआर क्षेत्र के संबंधित जिलाधिकारियों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन