राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष ने प्रयागराज में समीक्षा बैठक कर दिये निर्देश
- अध्यक्ष ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का संवेदना के साथ समुचित इलाज की व्यवस्था करने के दिए निर्देश
प्रयागराज, 10 अप्रैल (हि.स)। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रयागराज भ्रमण कार्यक्रम में शुक्रवार को सर्किट हाउस में पिछड़ा वर्ग से सम्बंधित समस्याओं एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण से सम्बंधित योजनाओं और विषयों पर समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होंने कौशाम्बी में हुई दुर्घटना में घायल तथा स्वरूपरानी अस्पताल में भर्ती केसन द्वारा इलाज में लापरवाही बरतने तथा जो मरीज ठीक हो गये, उनको एम्बुलेंस नहीं उपलब्ध कराये जाने की शिकायत से सम्बंधित प्रकरण की सुनवाई करते हुए उन्होंने प्रधानाचार्य मोती लाल नेहरू मेडिकल कालेज डॉ0 वी0के0 पाण्डेय को प्रकरण की जांच कर आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अध्यक्षा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का पूरी संवेदना के साथ समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि बाहर से कोई भी दवा नहीं लिखी जानी चाहिए तथा मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाये। अध्यक्षा ने कहा कि आयोग द्वारा जो भी प्रकरण सम्बंधित अधिकारियों को संदर्भित किया जाये, उनका निस्तारण समय से हो। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पिछड़ा वर्ग से सम्बंधित शिकायत या आवेदन पत्र का समय से सम्बंधित अधिकारियों के द्वारा निस्तारण किया जाना चाहिए।
उन्होंने स्वरूपरानी अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक,पैरामेडिकल स्टॉफ, सफाई कर्मियों की श्रेणीवार सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा। उन्होंने कहा किनियुक्ति में आरक्षण के मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। समीक्षा बैठक में अध्यक्षा ने सम्बंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि जाति प्रमाणपत्र बनवाने में किसी आवेदक को कोई भी परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसके लिए जो समयसीमा निर्धारत की गयी है, उस समय सीमा के अंदर ही जाति प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से बन जाये।
इस अवसर पर डीआईजी विजय धुल व अन्य पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, प्रधानाचार्य मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज, सीएमएस डॉ0 नीलम सिंह, दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी-प्रभारी पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अशोक कुमार गौतम सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

