home page

मंत्री राकेश सचान ने की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा

 | 
मंत्री राकेश सचान ने की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा


लखनऊ, 17 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी, ग्रामोद्योग, रेशम उत्पादन एवं वस्त्र मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में मंगलवार को निर्यात भवन, द्वितीय तल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखनऊ, अयोध्या एवं देवीपाटन मंडल के संयुक्त आयुक्त उद्योग सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। संयुक्त आयुक्त उद्योग, लखनऊ मंडल द्वारा योजना की वर्तमान स्थिति पर प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें तीनों मंडलों की जनपदवार एवं बैंकवार प्रगति का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।समीक्षा में यह सामने आया कि कुछ निजी बैंकों द्वारा योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शून्य प्रगति की गई है, जिस पर मंत्री राकेश सचान ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। राकेश सचान ने निर्देश दिए कि जो बैंक सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरत रहे हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर ऐसे बैंकों से सरकारी योजनाओं से जुड़े खाते हटाए जाएंगे।मंत्री सचान ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि 18 मार्च एवं 25 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले बैंक कैंपों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृति एवं वितरण से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि पात्र युवाओं को समय पर लाभ मिल सके।

उन्होंने बैंकों को “टॉप टू बॉटम अप्रोच” अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि बैंक स्वयं योग्य आवेदकों की पहचान करें और उन्हें योजना से जोड़ें। इससे आवेदनों की अनावश्यक अस्वीकृति कम होगी और अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे।मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों और बैंकों से अपेक्षा की कि वे पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ योजना का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन