home page

ग्राम पंचायत में योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखना चाहिए: ओम प्रकाश राजभर

 | 
ग्राम पंचायत में योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखना चाहिए: ओम प्रकाश राजभर


लखनऊ, 25 सितंबर (हि.स.)। पंचायती राज विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, बजट से संबंधित कार्यों तथा ग्राम पंचायतों में विकासपरक गतिविधियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को विधान भवन में बैठक आयोजित की गई।

पंचायती राजमंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं। इसलिए पंचायत स्तर पर संचालित प्रत्येक योजना का प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित समीक्षा करने, कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने पर जोर दिया।

पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों का लाभ ग्रामीणों तक समय से पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की वर्तमान प्रगति, उपलब्धियों और आगे की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई। मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, सौर ऊर्जा और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देकर ग्राम पंचायतों को और अधिक सक्षम एवं सुविधासंपन्न बनाया जा रहा है। बैठक में प्रमुख सचिव, पंचायती राज रविन्द्र, पंचायती राज निदेशक अमित सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

———————————————————

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन