home page

हाईवे पर निराश्रित गोवंश मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई : धर्मपाल सिंह

 | 
हाईवे पर निराश्रित गोवंश मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई : धर्मपाल सिंह


लखनऊ, 06 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के किसी भी जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर निराश्रित गोवंश विचरण करते हुए नहीं पाए जाने चाहिए। यदि किसी जनपद में हाईवे पर निराश्रित गोवंश घूमते हुए पाया जाता है तो संबंधित मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम भी विभाग की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने शुक्रवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए।

मंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश की सभी गौशालाओं में भव्य आयोजन कराए जाएं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए। इस अवसर पर गौशालाओं में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, गोवंश की समुचित देखभाल, सेवा करने तथा उन्हें गुड़ एवं हरा चारा खिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आयोजनों की निगरानी संबंधित मंडलीय अपर निदेशक एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन