home page

मुख्य सचिव ने की मेट्रो परियोजनाओं सहित प्रमुख योजनाओं की समीक्षा

 | 
मुख्य सचिव ने की मेट्रो परियोजनाओं सहित प्रमुख योजनाओं की समीक्षा


लखनऊ, 10 सितंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने गुरूवार को लखनऊ में प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक कर प्रदेश में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण अवस्थापना परियोजनाओं एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कानपुर, आगरा एवं लखनऊ मेट्रो परियोजनाओं के साथ-साथ जनपद गौतमबुद्ध नगर में चिल्ला-रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक प्रस्तावित एलीवेटेड रोड परियोजना तथा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाओं के निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों में तेजी बनाए रखने तथा गुणवत्ता के मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने जनपद गौतमबुद्ध नगर में चिल्ला रेगुलेटर, निकट मयूर विहार, सेक्टर-14ए से एमपी-3 रोड स्थित महामाया फ्लाईओवर, नोएडा को जोड़ने के लिए शाहदरा ड्रेन के समानांतर निर्मित की जा रही एलीवेटेड रोड परियोजना की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों में आवश्यक गति बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित माइलस्टोन को समय से पूरा करने तथा परियोजना के कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में लखनऊ मेट्रो के कॉरिडोर-1B की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि परियोजना के डिटेल्ड डिजाइन कंसल्टेंट, मेट्रो डिपो, एलिवेटेड सेक्शन तथा लिफ्ट के टेंडर अवार्ड किए जा चुके हैं। भूमिगत सेक्शन के लिए तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया प्रगति पर है।

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि झकरकट्टी से ट्रांसपोर्ट नगर के बीच 2 भूमिगत स्टेशनों के संरचनात्मक एवं फिनिशिंग कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं और स्टेशनों की भौतिक प्रगति 99 प्रतिशत है। वहीं, बारादेवी से नौबस्ता के बीच 5 एलिवेटेड स्टेशनों वाले खंड में संरचनात्मक कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा फिनिशिंग कार्य लगभग पूर्ण है। इस खंड में स्टेशनों की प्रगति 100 प्रतिशत है।

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2, जो सी.एस.ए. यूनिवर्सिटी मेट्रो स्टेशन से बर्रा-8 मेट्रो स्टेशन तक प्रस्तावित है, की समीक्षा के दौरान बताया गया कि रावतपुर से डबल पुलिया के बीच 3 भूमिगत स्टेशनों वाले खंड में सुरंग निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा संरचनात्मक एवं फिनिशिंग कार्य प्रगति पर हैं। इस खंड की भौतिक प्रगति 87.15 प्रतिशत है। इसी प्रकार सी.एस.ए. एवं विजय नगर से बर्रा-8 के बीच 5 एलिवेटेड स्टेशनों वाले खंड में संरचनात्मक कार्य प्रगति पर हैं और इसकी भौतिक प्रगति 65 प्रतिशत है।

आगरा मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 के शेष भूमिगत भाग में संरचनात्मक कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है और फिनिशिंग कार्य प्रगति पर है। इस सेक्शन में सी.एम.आर.एस. निरीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। कॉरिडोर के एलिवेटेड हिस्से में आई.एस.बी.टी. मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष दो स्टेशनों पर निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है।

आगरा मेट्रो के कॉरिडोर-2, आगरा कैंट से कालिंदी विहार, के संबंध में बताया गया कि 14 एलिवेटेड स्टेशनों एवं वायाडक्ट के निर्माण से संबंधित कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। परियोजना में यूटिलिटी आइडेंटिफिकेशन, बैरिकेडिंग बोर्ड, पाइल कैप, पाइलिंग, पियर, पियर कैप तथा यू-गर्डर से संबंधित कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। लाइन-2 के प्राथमिकता वाले खंड आगरा कैंट से आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन तक तथा शेष सेक्शन को यथाशीघ्र पूर्ण करने के लिए कार्य प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन