home page

प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी लगाए कम से कम एक पौधा : मुख्य सचिव

 | 
प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी लगाए कम से कम एक पौधा : मुख्य सचिव


लखनऊ, 08 जुलाई (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, जीरो पॉवर्टी उत्तर प्रदेश अभियान तथा विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत 12 जुलाई, 2026 को प्रदेशभर में एक ही दिन 35 करोड़ पौधों का रोपण किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी लगाए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाये।

मुख्य सचिव ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों, संगीत एवं संगोष्ठियों के माध्यम से अभियान को उत्सव के रूप में मनाया जाए। उन्होंने सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्कूली छात्र-छात्राओं की भागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी विभाग वृक्षारोपण स्थलों एवं रोपित पौधों की जियो-टैगिंग सुनिश्चित करें। साथ ही सभी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निगमों एवं बोर्डों के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लें।

मुख्य सचिव ने जिला वृक्षारोपण समितियों को पौधों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि पौधारोपण के बाद उनकी सुरक्षा, सिंचाई तथा समुचित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लगाए गए पौधों का अधिकतम जीवित रहना सुनिश्चित हो सके।

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि वीबी-जी-राम-जी योजना के अंतर्गत चारागाह एवं गोचर भूमि का विकास किया जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अभियान चलाकर अतिक्रमित गोचर एवं चारागाह भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन