home page

यूपी को पीएम सूर्यघर योजना में प्रथम स्थान दिलाने के लिए किए जाएं प्रयास: मुख्य सचिव

 | 
यूपी को पीएम सूर्यघर योजना में प्रथम स्थान दिलाने के लिए किए जाएं प्रयास: मुख्य सचिव


लखनऊ, 24 जून (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश को पीएम सूर्यघर योजना में देश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। बताया कि उत्तर प्रदेश ने मार्च, अप्रैल और मई 2026 में लगातार तीन महीनों तक 50 हजार से अधिक घरों में सौर ऊर्जा आधारित संयंत्र स्थापित कर देश में नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश को क्यूम्यूलेटिव हाउसहोल्ड सोलराइजेशन में भी देश में प्रथम स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

अन्नपूर्णा भवन निर्माण की समीक्षा में मुख्य सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 500 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्राप्त है। 23 जनपदों द्वारा कार्ययोजना प्रेषित की जा चुकी है, जबकि शेष 52 जनपद भूमि चिन्हांकन कर शीघ्र कार्ययोजना विभागीय पोर्टल पर अपलोड कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन निर्माण के लिए ऐसी भूमि का चयन किया जाए जो परिवहन मार्ग से जुड़ी हो तथा आबादी और आवासीय क्षेत्रों के निकट स्थित हो। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। अनारम्भ भवनों का निर्माण कार्य अविलम्भ प्रारम्भ कराया जाए। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 2,576 भवनों के लिए धनराशि जारी की गई थी, जिनमें 46 भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, 2,228 भवन निर्माणाधीन हैं तथा 302 भवनों का कार्य अभी प्रारम्भ नहीं हुआ है।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित नहीं हुए हैं, वहां तत्काल विज्ञापन प्रकाशित कराएं, साथ ही सभी जनपदों द्वारा भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना' के अंतर्गत उपलब्ध धनराशि का शत-प्रतिशत प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप जनजागरूकता अभियान, वाल पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, संवाद कार्यक्रम एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन करने पर विशेष बल दिया। बैठक में सम्बंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन