home page

जिलाधिकारी के निर्देश पर फरियादी को मिली राहत, नई खतौनी तैयार कर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज

 | 
जिलाधिकारी के निर्देश पर फरियादी को मिली राहत, नई खतौनी तैयार कर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज


देवरिया, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रुद्रपुर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के त्वरित हस्तक्षेप से एक फरियादी की राजस्व अभिलेख संबंधी समस्या का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।

ग्राम जद्दु परसिया निवासी महिला फरियादी ने जिलाधिकारी को बताया कि उसकी खतौनी में उसका नाम गलत दर्ज हो गया है, जिससे उसे विभिन्न कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उसने नाम संशोधित कराने की मांग की।

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी एवं राजस्व कर्मियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही राजस्व अभिलेखों की जांच की गई और पाया गया कि फरियादी जदुरानी का नाम त्रुटिवश यदुरानी दर्ज हो गया था। इसके बाद रिकॉर्ड में तत्काल संशोधन कर नई खतौनी तैयार की गई।

संशोधित खतौनी जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने स्वयं अपने हाथों से फरियादी को सौंपी। समस्या का त्वरित समाधान होने पर फरियादी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी और राजस्व विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व अभिलेखों में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर उसका समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक