home page

डायट के सेवानिवृत्त कर्मी ने सूने घर में लगाई फांसी

 | 
डायट के सेवानिवृत्त कर्मी ने सूने घर में लगाई फांसी


हमीरपुर, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में डायट के सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने सोमवार को सूना घर पाकर संदिग्ध हालत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी पुत्रियों के घर आने के बाद हो सकी। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।

सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पंधरी गांव निवासी शिवनारायन नामदेव 62 वर्ष, 2 वर्ष पूर्व कस्बे में संचालित डायट से चतुर्थ श्रेणी पद से सेवानिवृत्त हुआ था। यह पेपर मिल के पास मकान बनाकर पत्नी के साथ रहता था। पत्नी उषा नामदेव को पेपर मिल वाले मकान से गांव वाले मकान में जाते समय ऑटो ने टक्कर मार दी थी। जिससे उसे गंभीर चोटें लगी थी। घायल होने के बाद पत्नी उषा नामदेव अपने बेटे मनोज नामदेव के साथ पंधरी वाले घर पर थी। सोमवार को विवाहित पुत्रियां मां के घायल होने की सूचना पर पंधरी आई थी

पुत्री अभिलाषा एवं रीना पिता से मिलने पेपर मिल वाले मकान में पहुंची थी। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उन्होंने काफी देर तक आवाज लगाई परंतु कोई भी उत्तर नहीं मिला। तब उन्होंने भाई मनोज को सूचना दी। सूचना पाकर मनोज अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा और छत के सहारे नीचे जाकर दरवाजा खोला तो पिता को फांसी पर लटका देखकर सभी के होश उड़ गए और चीख पुकार मच गई। पुत्र की सूचना पर पुलिस मौके पर गई है। पुत्र ने हत्या की आशंका जताई है।

थाने के एस आई संजय राय ने सोमवार की शाम बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु का कारण पता चलेगा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा