जलापूर्ति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर हाल में बहाल करें सप्लाई : सुरेंद्र मैथानी
कानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। पानी लोगों की मूलभूत आवश्यकता है। यदि कल सुबह तक शास्त्री नगर, विजय नगर समेत प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। जनता को परेशान करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह बातें बुधवार को गोविंद नगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने डबल पुलिया के नीचे क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन का निरीक्षण करने के दौरान कहीं।गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में डबल पुलिया के नीचे जल निगम के निर्माण कार्य के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से शास्त्री नगर, विजय नगर समेत आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति बाधित है। इससे करीब डेढ़ लाख लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण किया और कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई।
इस दौरान विधायक ने जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सहायक अभियंता सिकंदर पटेल और अवर अभियंता अनिल कुमार से मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युद्धस्तर पर काम कर हर हाल में अगले दिन सुबह तक जलापूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विधायक मैथानी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और जनता के हितों से समझौता नहीं होगा।
विधायक ने मौके पर मौजूद तकनीकी टीम को मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और स्वयं कुछ देर तक मौके पर रहकर कार्य की निगरानी भी की। उन्होंने कहा कि जब तक जलापूर्ति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक संबंधित अधिकारी कार्यस्थल पर मौजूद रहकर काम पूरा कराएं।
इस दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता प्रवीण यादव, सहायक अभियंता सिकंदर पटेल, अवर अभियंता अनिल कुमार, पूर्व पार्षद प्रेम सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सतीश शुक्ला तथा क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

