home page

सुरक्षित, नैतिक और जिम्मेदारी के साथ एआई का इस्तेमाल करना जरुरी : मारिया जोसेफा चौधरी

 | 
सुरक्षित, नैतिक और जिम्मेदारी के साथ एआई का इस्तेमाल करना जरुरी : मारिया जोसेफा चौधरी


कानपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते उपयोग के साथ इसके सुरक्षित, नैतिक और जिम्मेदार इस्तेमाल को सुनिश्चित करना जरूरी है। विद्यार्थियों को एआई से जुड़े अवसरों के साथ उसके प्रभावी और उत्तरदायी उपयोग के सिद्धांतों की जानकारी भी होनी चाहिए। यह बातें शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में आयोजित शैक्षणिक कार्यक्रम में एसीएम इंडिया की सुश्री मारिया जोसेफा चौधरी ने कहीं।

यूआईईटी में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एसीएम इंडिया की ओर से विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मारिया जोसेफा चौधरी ने दो सत्रों को संबोधित किया।

पहले सत्र का विषय ‘विद्यार्थियों के लिए एसीएम इंडिया की पहल’ रहा। इसमें विद्यार्थियों को एसीएम इंडिया की गतिविधियों, शैक्षणिक अवसरों, व्यावसायिक विकास और कंप्यूटर विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी गई।

दूसरे सत्र में ‘उत्तरदायी एआई शासन : सिद्धांत से व्यवहार तक’ विषय पर चर्चा हुई। इसमें एआई के सुरक्षित, नैतिक और जिम्मेदार उपयोग के साथ इससे जुड़े नियमों एवं सिद्धांतों को व्यवहार में लागू करने के तरीकों पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में प्रो. बृष्टि मित्रा, अधिष्ठाता अकादमिक, प्रो. आलोक कुमार, निदेशक, यूआईईटी, प्रो. दीपक कुमार वर्मा तथा डॉ. पुष्पा मेमोरिया, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर एप्लीकेशन सहित कंप्यूटर विज्ञान एवं कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के शिक्षक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप