home page

नदी मे डूबते तीन युवको की जान बचाने वाले बालक राजकुमार को मिला 'बाल वीरता पुरस्कार'

 | 
नदी मे डूबते तीन युवको की जान बचाने वाले बालक राजकुमार को मिला 'बाल वीरता पुरस्कार'


सुलतानपुर, 12 मई (हि.स.)।उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में नदी मे डूबते तीन युवकों की जान बचाने वाले राजकुमार निषाद (13) को 'बाल वीरता पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने कलेक्ट्रेट सभागार में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। राजकुमार ने गोमती नदी में डूब रहे तीन किशोरों की जान बचाई थी।

सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को राजकुमार के अदम्य साहस और सूझबूझ की सराहना की। उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। इस अवसर पर प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने राजकुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह घटना गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर बेलहरी गांव के पास गोमती नदी में हुई थी। कुलदीप (23) अपने गांव के मंजीत (15), कल्लू (13) और ओम लाल (15) के साथ मछली पकड़ने गए थे। नदी किनारे पहुंचने पर सभी ने नहाने का फैसला किया और गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूबने लगे।

इसी दौरान पास में भैंस चरा रहे 13 वर्षीय राजकुमार निषाद ने उन्हें डूबते देखा। उसने तुरंत दौड़कर मंजीत, कल्लू और ओम लाल को अथक प्रयास से बचा लिया। हालांकि, कुलदीप का वजन अधिक होने के कारण राजकुमार उसे नहीं बचा सका।

पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से कुलदीप का शव नदी से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। घटना के बाद जयसिंहपुर ब्लॉक प्रमुख राहुल शुक्ला गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और राजकुमार को आर्थिक सहायता प्रदान की। ब्लॉक प्रमुख ने राजकुमार की मां को भी सम्मानित किया और कहा कि बच्चे की शिक्षा का सारा खर्च वहन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त