home page

रेलवे से संबंधित व्यापारिक गतिविधियों में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण होगा : डीआरएम

 | 
रेलवे से संबंधित व्यापारिक गतिविधियों में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण होगा : डीआरएम


मुरादाबाद, 09 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल कार्यालय के ‘मनन सभागार’ में फ्रेट कस्टमर मीट का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि रेलवे से संबंधित व्यापारिक गतिविधियों में आने वाली समस्याओं का मंडल स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी समय-समय पर व्यापारिक प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की जाएगी तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा ने वित्त वर्ष 2026-27 में अगस्त 2026 तक फ्रेट क्षेत्र में मंडल की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में अगस्त 2026 तक मंडल में कुल 2.61 मिलियन टन माल की लोडिंग की गई, जिससे रेलवे को 229.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि रेल परिचालन को और अधिक प्रभावी एवं तीव्र बनाने के लिए नई पद्धतियों के माध्यम से निरंतर सुधार कार्य किए जा रहे हैं।

बैठक के अंत में व्यापारिक प्रतिनिधियों ने रेलवे द्वारा किए जा रहे सुधार एवं सुविधाओं के लिए अपने सुझाव साझा किए। फ्रेट कस्टमर मीट का उद्देश्य रेलवे एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए माल यातायात को बढ़ावा देना, व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा मुरादाबाद मंडल में फ्रेट सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाना रहा।

इस अवसर पर टाटा स्टील लिमिटेड, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, जगदीश इंटरनेशनल प्रा. लि., हिन्द टर्मिनल, अडानी सीमेंट, आईओसीएल, बीपीसीएल, द्वारिकेश शुगर मिल, डीसीएम श्रीराम लिमिटेड, कॉन्कोर, मोहिन्द्रा लॉजिस्टिक लिमिटेड, टीसीआई, रोजा पावर सप्लाई कंपनी लिमिटेड सहित विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लगभग 40 प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) पारितोष गौतम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आदित्य गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक पीएस बघेल, मंडल परिचालन प्रबंधक सैफुल्लाह, सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित शर्मा, सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक मनोज कुमार दास सहित अन्य मंडल अधिकारी उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल