गोरखपुर में रविवार को होगा 'नेहा साहित्य विमर्श-2026' साहित्य वार्षिकी का लोकार्पण
गोरखपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। नांगलिया शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थान के तत्वावधान में 19 जुलाई (रविवार) को 'नेहा साहित्य विमर्श-2026' का आयोजन सिविल लाइंस स्थित गोकुल अतिथि भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 'नेहा' साहित्य वार्षिकी का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह जानकारी नेहा के सचिव डॉ. महेंद्र अग्रवाल ने शनिवार को पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि साहित्य, समाज और समकालीन चुनौतियों पर केंद्रित इस आयोजन में देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् एवं चिंतक पूर्व राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा, पद्मश्री प्रो. विश्वनाथ तिवारी, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन सहित अनेक विद्वान एवं साहित्यकार सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3:30 बजे उद्घाटन सत्र से होगा। प्रथम वैचारिक सत्र का विषय समाज का वर्तमान परिदृश्य और साहित्य रखा गया है, जिसमें वक्ता बदलते सामाजिक परिवेश में साहित्य की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे।
इसके बाद सायं 5:15 बजे द्वितीय विमर्श सत्र आयोजित होगा, जिसका विषय डिजिटल युग की ओर बढ़ता समाज और साहित्य रहेगा। इस सत्र में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव और साहित्य के बदलते स्वरूप पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सायं 6:00 बजे से 8:00 बजे तक भव्य कवि सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिष्ठित कवि अपनी रचनाओं का पाठ कर साहित्य प्रेमियों को काव्य रस से सराबोर करेंगे।
आयोजकों ने साहित्यकारों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों एवं साहित्य प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

