home page

मिशन-2027 की रणभेरी: 22 जुलाई को 62 विधानसभा क्षेत्रों में जुटेंगे बूथ अध्यक्ष

 | 
मिशन-2027 की रणभेरी: 22 जुलाई को 62 विधानसभा क्षेत्रों में जुटेंगे बूथ अध्यक्ष


मिशन-2027 की रणभेरी: 22 जुलाई को 62 विधानसभा क्षेत्रों में जुटेंगे बूथ अध्यक्ष


गोरखपुर, 20 जुलाई (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को संगठनात्मक स्तर पर गति देते हुए 22 जुलाई को गोरखपुर क्षेत्र की सभी 62 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने इसे मिशन-2027 की औपचारिक शुरुआत बताते हुए कहा कि बूथ स्तर का संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और इसी शक्ति के बल पर पार्टी आगामी चुनाव में ऐतिहासिक सफलता का लक्ष्य हासिल करेगी।

रानीडीहा स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित तैयारी बैठक को संबोधित करते हुए विनोद राय ने बताया कि गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं उपस्थित होकर बूथ अध्यक्षों को चुनावी मंत्र देंगे तथा मिशन-2027 के लिए संगठनात्मक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है और विधानसभा वार बूथ अध्यक्ष सम्मेलन इसी अभियान की पहली महत्वपूर्ण कड़ी है। बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और चुनाव में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसी उद्देश्य से सभी बूथ अध्यक्षों को संगठन की रणनीति, जनसंपर्क अभियान और चुनावी जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाएगा।

24,844 बूथ अध्यक्ष होंगे शामिल

विनोद राय ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र में भाजपा के कुल 24,844 संगठनात्मक बूथ हैं और प्रत्येक बूथ का अध्यक्ष अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में भाग लेगा। इसके अलावा 4,244 शक्ति केंद्र प्रमुख तथा 286 मंडल अध्यक्ष भी सम्मेलनों में उपस्थित रहेंगे। इस प्रकार हजारों संगठन पदाधिकारी एक साथ मिशन-2027 के लिए रणनीतिक मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ नेताओं को मुख्य वक्ता के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो बूथ अध्यक्षों को संगठन विस्तार, मतदाता संपर्क, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा चुनावी प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।

तैयारियों को दिया अंतिम रूप

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्ष सम्मेलन के संयोजक एवं क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता, सह संयोजक एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छट्ठे लाल निगम तथा डॉ. सत्येंद्र सिन्हा से विधानसभा वार तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सम्मेलन अनुशासित, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न होना चाहिए ताकि बूथ स्तर तक संगठन की ऊर्जा और संदेश पहुंचे।

इन वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई प्रमुख जिम्मेदारी

22 जुलाई को आयोजित होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय