home page

स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखते हुए मीटरिंग का कार्य विभागीय नियंत्रण में कराने की मांग

 | 
स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखते हुए मीटरिंग का कार्य विभागीय नियंत्रण में कराने की मांग


लखनऊ, 20 अप्रैल(हि.स.)। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश ने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर की निजी कम्पनियों द्वारा संचालित व्यवस्था उपभोक्ता हित में नहीं, बल्कि निजी कम्पनियों को लाभ पहुंचाने का माध्यम बन गए हैं। एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत मीटर खरीदने, लगाने, उनकी रीडिंग, रखरखाव और सम्पूर्ण संचालन का कार्य निजी कम्पनियों को सौंप दिया गया है, जिन्हें ए.एम.आई.एस.पी. (एडवांस मीटरिंग इंफ्राइस्ट्रक्चर सर्विस प्रोवाइडर) कहा जाता है। केंद्र सरकार की आरडीएसएस योजना से प्राप्त धन का उपयोग करते हुए इन्हीं निजी कम्पनियों द्वारा अरबों रुपये के मीटर खरीदे गए हैं और पूरा नियंत्रण उनके हाथ में दे दिया गया है। यह उपभोक्ताओं के हित में नहीं है अतः मीटरिंग का कार्य विभागीय नियंत्रण में ही कराया जाय।

संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटरिंग से जुड़ी वर्तमान व्यवस्था की शासन स्तर पर तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा मीटरिंग का समस्त कार्य निजी कम्पनियों से वापस लेकर विभागीय नियंत्रण में दिया जाए, ताकि पारदर्शी एवं उपभोक्ता हितैषी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि निजी कम्पनियों द्वारा स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए, पहले से लगे मीटरों की स्वतंत्र जांच कराई जाए, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा बिजली क्षेत्र के निजीकरण के निर्णय को वापस लिया जाए।

समिति ने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में उत्पन्न अधिकांश समस्याएं इसी निजी सर्विस प्रोवाइडर की कार्यप्रणाली की खामियों का परिणाम हैं। प्रदेश में लगे स्मार्ट मीटरों में लगातार तकनीकी खराबियां, गलत बिलिंग, रिचार्ज के बावजूद बिजली आपूर्ति बाधित होना तथा शिकायतों के समाधान में भारी लापरवाही जैसी समस्याएं आम हो चुकी हैं। रिचार्ज आधारित प्रणाली के कारण गरीब एवं मध्यम वर्ग के उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है।

मीटरिंग व्यवस्था उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के राजस्व का मुख्य आधार है, लेकिन इसे निजी कम्पनियों के हाथों में सौंप देने से न केवल उपभोक्ता शोषण का शिकार हो रहे हैं, बल्कि पावर कॉरपोरेशन की वित्तीय स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। निजी कम्पनियों की मनमानी के कारण जहां उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं राजस्व संग्रहण पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का खतरा बढ़ रहा है।

जब मीटरिंग जैसी बुनियादी व्यवस्था में इतनी अव्यवस्था है, तो पूरी बिजली व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने का निर्णय प्रदेश के लिए और भी घातक सिद्ध होगा। यह न केवल उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ है, बल्कि प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय