मुरादाबाद परिक्षेत्र में संविदा पर 100 महिला परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया जारी
मुरादाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। परिवहन निगम की ओर से परिक्षेत्र में संविदा पर 100 महिला परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। करीब 200 महिला अभ्यर्थियों ने दावेदारी की हैं। इनके कागजात की जांच चल रही है।
मुरादाबाद रोडवेज परिक्षेत्र में एआरएम (फाइनेंस) नवीन कुमार गुप्ता ने बताया कि परिक्षेत्र में महिला परिचालकों की कमी है। संविदा परिचालक भर्ती प्रक्रिया पूरी कर मुरादाबाद, पीतलनगरी समेत अन्य डिपो में इन्हें तैनात किया जाएगा। इसमें कुछ महिला परिचालकों की ड्यूटी ई-बसों पर भी लगाई जाएगी।
चार्जिंग प्वाइंट लगने के बाद ही चलेंगी सभी ई-बसें : मुरादाबाद के थाना कटघर स्थित क्षेत्रीय वर्कशाप में ई-बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट लगाने का काम चल रहा है। अभी तक एक चार्जिंग प्वाइंट लगाई गई है। कुल छह चार्जिंग प्वाइंट लगाई जानी है।
मुरादाबाद बस अड्डा प्रभारी किरण पाल सिंह का कहना है कि मुरादाबाद से दिल्ली के लिए तीन दो ई-बसें चलाई जा रही हैं। बाकी के अन्य 25 ई-बसों का संचालन चार्जिंग प्वाइंट बनने के बाद किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

