home page

दीक्षांत परेड में नए आरक्षियों का दिखा अनुशासन, 436 रिक्रूट सिपाही बने यूपी पुलिस का हिस्सा

 | 
दीक्षांत परेड में नए आरक्षियों का दिखा अनुशासन, 436 रिक्रूट सिपाही बने यूपी पुलिस का हिस्सा


बांदा, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के पुलिस लाइन में रविवार को रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र में 9 माह का प्रशिक्षण लेने वाले 436 रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कैडेटों ने अपने प्रदर्शन से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से सभी रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित किया। उन्होंने नवचयनित पुलिसकर्मियों को ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा, राजेश एस. ने परेड की सलामी ली और सभी प्रशिक्षित आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण उनके जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि है और आगे उन्हें ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करनी होगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने कैडेटों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना, जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना हर पुलिसकर्मी का सर्वोच्च कर्तव्य है। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों और प्रशिक्षकों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

गौरतलब है कि 21 जुलाई 2025 से पुलिस लाइन बांदा में इन 436 रिक्रूटों का प्रशिक्षण चल रहा था, जो 26 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। दीक्षांत परेड में कैडेटों की ड्रिल और अनुशासन ने कार्यक्रम को बेहद आकर्षक और रोमांचक बना दिया। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कैडेटों के परिजन और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह