home page

संविधान रक्षा मार्च’ निकाल रहे कांग्रेस के नेता गिरफ्तार, पार्टी ने सरकार पर बोला हमला

 | 
संविधान रक्षा मार्च’ निकाल रहे कांग्रेस के नेता गिरफ्तार, पार्टी ने सरकार पर बोला हमला


संविधान रक्षा मार्च’ निकाल रहे कांग्रेस के नेता गिरफ्तार, पार्टी ने सरकार पर बोला हमला


लखनऊ, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस द्वारा निकाले जा रहे शांतिपूर्ण ‘संविधान रक्षा मार्च’ को पुलिस प्रशासन द्वारा रोके जाने और शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला करार देते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया है।कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, मीडिया विभाग प्रमुख कुंवर निषाद, वाइस चेयरमैन संजीव सिंह और प्रियंका गुप्ता ने एक संयुक्त बयान जारी कर पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। नेताओं ने आरोप लगाया कि जहां एक तरफ पूरा देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बनाए संविधान को अपनाने का उत्सव मना रहा है, वहीं योगी सरकार ने पुलिस बल का प्रयोग कर अनुच्छेद 19 के तहत मिले शांतिपूर्ण सभा और अभिव्यक्ति के अधिकार को कुचलने का काम किया है।इस कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से सवाल किया कि क्या अब प्रदेश में संविधान की रक्षा के लिए मार्च निकालना अपराध हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारियों और लाठियों से पार्टी के कार्यकर्ताओं का संकल्प कमजोर नहीं होगा और वे सड़क से सदन तक संविधान बचाने की निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे।पार्टी ने सभी गिरफ्तार नेताओं और कार्यकर्ताओं की तत्काल बिना शर्त रिहाई की मांग की है। साथ ही, लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के लिए मुख्यमंत्री से प्रदेश की जनता से माफी मांगने को कहा है। इस गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेता वीरेन्द्र मदान, ओंकारनाथ सिंह, पुनीत पाठक, डॉ. उमाशंकर पाण्डेय और अंशू अवस्थी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसे सरकार का संविधान विरोधी कदम बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन