home page

गुरु रविदास समरसता यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक सम्पन्न

 | 
गुरु रविदास समरसता यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक सम्पन्न


- औरैया में 30 नवंबर को पहुंचेगी समरसता यात्रा, जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

औरैया, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की समरसता यात्रा के 30 नवंबर को जनपद आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला भाजपा कार्यालय पर शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत तथा सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को यात्रा के स्वागत, जनसहभागिता, प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने विचारों और उपदेशों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि समरसता यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कराएं और जनपद आगमन पर यात्रा का भव्य स्वागत करें। बैठक में यात्रा को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला महामंत्री यशवीर सिकरवार सहित भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार