home page

सुलतानपुर में राष्ट्र सेविका समिति का निकला पथ संचलन

 | 
सुलतानपुर में राष्ट्र सेविका समिति का निकला पथ संचलन


सुलतानपुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में राष्ट्र सेविका समिति का 15 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शास्त्री नगर स्थित विद्या मंदिर में आयोजित किया जा रहा है। सोमवार शाम वर्ग के समापन से दो दिन पहले शहर में एक भव्य पथ संचलन निकाला गया।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघ चालक डॉ. ए.के. सिंह ने समिति के कार्यों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। श्री सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि राष्ट्र सेविका समिति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर एस एस) की तर्ज पर महिलाओं के बीच काम करने वाला एक प्रमुख संगठन है। इसकी स्थापना वर्ष 1936 में 'मौसी जी' (लक्ष्मणबाई केलकर) द्वारा की गई थी।

उन्होंने जानकारी दी कि यह पथ संचलन विद्या मंदिर (शास्त्री नगर) से शुरू हुआ। यह दरियापुर रोड, पंचरास्ता, चौक घंटाघर और आज़ाद चौराहा होते हुए वापस अपने प्रस्थान स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुआ। डॉ. सिंह ने बताया कि राष्ट्र सेविका समिति मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर कार्य करती है। इनमें मातृत्व (संस्कारों का निर्माण), कर्तृत्व (समाज के प्रति कर्तव्यों का बोध) और नेतृत्व (महिलाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना) शामिल है।

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से जागरूक बनाना है। साथ ही, उन्हें हर प्रकार की विपरीत परिस्थितियों और बाधाओं का सामना करने के लिए तैयार करना भी इसका लक्ष्य है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त