मुरादाबाद मंडल के बरेली जंक्शन पर रंगोली सजाकर दिया दीपावली एवं सुरक्षित यात्रा का संदेश
मुरादाबाद, 07 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर बरेली जंक्शन पर यात्रियों के स्वागत एवं स्टेशन परिसर में उत्सव का उल्लासपूर्ण वातावरण बनाने के उद्देश्य से शनिवार को आकर्षक रंगोली का आयोजन किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के हेडक्वार्टर कमिश्नर महेश यादव के मार्गदर्शन में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, बरेली सैय्यद इमरान एवं उनकी टीम तथा उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, मुरादाबाद मंडल की टीम द्वारा स्टेशन परिसर में आकर्षक एवं मनमोहक 'शुभ दीपावली' रंगोली बनाई गई।
इस अवसर पर स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित दीपावली मनाने का संदेश भी दिया गया। साथ ही यात्रियों से अपील की गई कि वे रेल परिसर एवं यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर रेल यात्रा न करें।
इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुखद एवं सकारात्मक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ रेलवे और यात्रियों के बीच आत्मीय जुड़ाव को और मजबूत करना है।
मुरादाबाद मंडल द्वारा त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुखद यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस प्रकार के रचनात्मक एवं जन-जागरूकता संबंधी आयोजनों के माध्यम से रेलवे स्टेशन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं उत्सवमय बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

