home page

बंदर के उछलने से गिरे पीली ईंटों के बने घटिया ट्री गार्ड,रेंजर ने ठेकेदार को दी चेतावनी

 | 
बंदर के उछलने से गिरे पीली ईंटों के बने घटिया ट्री गार्ड,रेंजर ने ठेकेदार को दी चेतावनी


बाराबंकी, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर वन रेंज रानीबाजार क्षेत्र के तहत महादेवा रोड को हरा-भरा बनाने के लिए वन विभाग द्वारा बनवाए जा रहे ईंटों के ट्री गार्डों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया गया कि एक बंदर के उछलने से ही पीली घटिया ईंटों से बने कुछ ट्री गार्ड गिर गए, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की पोल खुल गई।

मामले की शिकायत मिलने पर रेंजर अल्पना पांडेय और वन दरोगा सचिन पटेल बुधवार को मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई ट्री गार्ड कमजोर पाए गए। पता चला कि केवल बालू से जोड़े गए हैं, मौरंग नहीं लगाई गई और ईंट बहुत खराब है। रेंजर ने कार्य करा रहे ठेकेदार के लोगों को कड़ी फटकार लगाई और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि ट्री गार्ड मजबूत और मानक के अनुसार बनाए जाएं। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही मिली तो संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग की योजना के तहत महादेवा रोड के दोनों किनारों को हरा-भरा बनाने के लिए करीब 500 पौधे लगाए जाने हैं। पौधों की सुरक्षा के लिए ही ईंटो के ट्री गार्ड बनाए जा रहे हैं लेकिन जब केवल बंदर के उछलने से ही ट्री गार्ड गिर जा रहे है तो उनकी गुणवत्ता पर प्रश्न चिन्ह लग गया है। घटिया निर्माण सामने आने से ही अब विभाग सख्त हो गया है।

डीएफओ आकाश वधावन ने बताया कि यदि घटिया निर्माण हुआ तो कार्यवाही होगी। ट्री गार्ड मजबूत बने यह विभाग का लक्ष्य है ताकि पौधे सुरक्षित रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी