रक्षाबंधन सामाजिक समरसता और राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने का पर्व : क्षेत्र प्रचारक
गोरखपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरखपुर महानगर उत्तर भाग की ओर से शनिवार को रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन राजेलिया रिजॉर्ट, राजेंद्र नगर में किया गया। कार्यक्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अनिल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
मुख्य वक्ता अनिल ने कहा कि भारत उत्सवों और पर्वों का देश है। विश्व में भारत की पहचान भगवा ध्वज से भी है। उत्सव केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज को एकता के सूत्र में बांधने का सशक्त माध्यम हैं। उत्सव हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने उत्तरदायित्वों से परिचित कराते हैं तथा समाज में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश आज हमारे उत्सवों का स्वरूप विकृत होता जा रहा है। हमें अपने उत्सवों की ऐतिहासिक, धार्मिक और वैज्ञानिक पृष्ठभूमि को समझने की आवश्यकता है। रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई-बहन के प्रेम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह धर्म, समाज, पर्यावरण और संस्कृति की रक्षा का भी संदेश देता है। उत्सवों और त्योहारों के मूल स्वरूप को बनाए रखना समाजहित के लिए आवश्यक है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो केवल भाई-बहन के स्नेह और रक्षा-संकल्प तक सीमित नहीं है। यह समाज में परस्पर विश्वास, आत्मीयता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभाव को मजबूत करने का संदेश देता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा रक्षाबंधन उत्सव के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आत्मीय संबंध और एकात्मता की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवा ध्वज को रक्षा सूत्र बांधकर किया गया। इसके बाद उपस्थित स्वयंसेवकों और अतिथियों ने रक्षाबंधन के सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन संघ की प्रार्थना के साथ हुआ। कार्यक्रम में विभाग संचालक शेषनाथ और भाग संचालक राधा रमण मंचासीन रहे। अतिथि परिचय भाग कार्यवाह सुधीर ने कराया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सह भाग कार्यवाह संतोष ने किया।
इस अवसर पर सह प्रांत प्रचारक सुरजीत, विभाग प्रचारक अजय नारायण, प्रांत प्रचार प्रमुख सुशील सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरखपुर महानगर उत्तर भाग के स्वयंसेवक बंधु एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

