कर्मचारियों के हितों के लिए राकेश गौतम का योगदान हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा: अनूप कुशवाहा
कानपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गौतम ने अपने पूरे सेवाकाल में संगठन और कर्मचारियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य किया। उनका योगदान हमेशा संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। यह बातें गुरुवार को सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनूप कुशवाहा ने कहीं।
राकेश गौतम के सेवानिवृत्ति उपरांत गुरुवार को रावतपुर स्थित प्रांतीय कार्यालय में सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए उनके दीर्घ सेवाकाल की सराहना की तथा उज्ज्वल एवं सुखमय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में संगठन की ओर से राकेश गौतम को अटैची, स्मृति चिह्न, छाता, वस्त्र, मिष्ठान एवं अन्य उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राकेश गौतम ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान सदैव कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की आवाज बुलंद की तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया।
प्रदेश अध्यक्ष अनूप कुशवाहा ने कहा कि सेवानिवृत्ति नौकरी का अंत जरूर होती है, लेकिन सामाजिक जीवन और अनुभवों के नए अध्याय की शुरुआत भी होती है। संगठन को विश्वास है कि राकेश गौतम आगे भी अपने अनुभवों से कर्मचारियों और संगठन का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री हर्ष गौतम, हरिनारायण गुप्ता, बेचे लाल, अन्नू गुप्ता, संदीप शर्मा, राजकुमार, दिनेश सिंह, के.जी.एन. खरे, पदम, अखिलेश सिंह, प्रदीप बाबू, अरुण बाबू, ज्ञान दुबे, आर.के. वर्मा, शिवा, उदय भानु, मनोज, राजा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राकेश गौतम को सेवानिवृत्ति की हार्दिक शुभकामनाएं देने और उनके स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना के साथ हुआ।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

