home page

कानपुर के दक्षिण में अस्पताल शुरू कराने और प्रशासनिक सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी : गोपी कृष्ण पांडेय

 | 
कानपुर के दक्षिण में अस्पताल शुरू कराने और प्रशासनिक सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी : गोपी कृष्ण पांडेय


कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। कानपुर में रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए औद्योगिक विकास को गति देने के साथ दक्षिण क्षेत्र में सरकारी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। यहां एसडीएम और सब रजिस्ट्रार की तैनाती कराने के अलावा बंद पड़े सौ बेड के अस्पताल को मार्च से पहले शुरू कराने का प्रयास होगा। किदवई नगर क्षेत्र में हर सोमवार को जनता की समस्याएं सुनने के लिए कार्यालय भी संचालित किया जाएगा। राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार कानपुर पहुंचे गोपी कृष्ण पांडेय ने गुरुवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपनी प्राथमिकताएं बताईं।

उन्होंने कहा कि कानपुर दक्षिण के लोगों को प्रशासनिक कामों के लिए कचहरी तक आना पड़ता है। घाटमपुर से आने वाले लोगों को भी छोटे-छोटे कामों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। क्षेत्र में एसडीएम और सब रजिस्ट्रार की तैनाती होने से लोगों को राहत मिलेगी। इसके साथ ही बंद पड़े सौ बेड के अस्पताल को मार्च से पहले चालू कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इन प्रस्तावों को लेकर शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शहर की समस्याओं से अवगत कराएंगे।

उन्होंने कहा कि कानपुर की यातायात व्यवस्था में सुधार करना भी जरूरी है। शहर की सबसे बड़ी समस्याओं में जाम शामिल है। वह खुद भी लंबे समय से इस परेशानी से जूझते रहे हैं। इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ शासन और प्रशासन को भी जिम्मेदारी निभानी होगी। सभी को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा। शहर की समस्याओं के समाधान के लिए उनके पास कुछ योजनाएं हैं, जिन्हें जल्द ही जमीन पर उतारने की तैयारी है।

गोपी कृष्ण पांडेय ने औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए कहा कि कानपुर में उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक सोमवार को एक कार्यालय संचालित करने की योजना बनाई गई है। वह शहर में रहें या बाहर, इस कार्यालय में अधिकारियों को बुलाकर जनता की समस्याओं का निस्तारण कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जमीन पर उतरकर काम करने में विश्वास रखते हैं।

सपा के पीडीए के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भाजपा कानपुर की तीन विधानसभा सीटों पर हार गई थी, लेकिन अब पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ रही है। हाल में हुई पदयात्रा में भी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में उतरेगा तो सपा के पीडीए का फ्यूज उड़ जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप