गूल के पानी में गिरने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
फर्रुखाबाद, 13 जुलाई (हि.स.)। पानी में गिर जाने से युवक शरद यादव उर्फ बबलू की मौत हो जाने पर परिवार में मातम छा गया। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्हादादपुर में खेत गए युवक की गूल में गिरने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बबलू यादव कोतवाली कायमगंज के ग्राम अल्हादादपुर निवासी नंदराम सिंह का पुत्र था। युवक रविवार को देर रात खेत पर गया था। खेत के पास गूल में सबमर्सिबल का पानी चल रहा था। काफी देर तक उसके घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में खेत पर गये। तभी शरद (28) को गूल के पानी में पड़ा देखा गया।
परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गये, चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर कोतवाली पुलिस घटना की जांच पड़ताल की। शरद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। शरद के विकास और विनय पुत्र तथा पुत्री नैना है। शरद चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई सुनील यादव जनपद कानपुर नगर के थाना मूलगंज में सिपाही पद पर तैनात है। घटना की जानकारी मिलने पर भाई अस्पताल पहुंच गया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

