home page

मुरादाबाद में लगातार दूसरे दिन भी जमकर बरसे मेघ, बदला मौसम का मिजाज

 | 
मुरादाबाद में लगातार दूसरे दिन भी जमकर बरसे मेघ, बदला मौसम का मिजाज


- मौसम विशेषज्ञ के अनुसार रविवार और सोमवार को मुरादाबाद में भारी बारिश का अनुमान

- मंगलवार से साफ होगा आसमान

मुरादाबाद, 05 सितम्बर (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में सावन के प्रारंभ से शुरू हुई बारिश भाद्रपद में भी जारी है। पूर्व दिशा से जबरदस्त नमी भरी हवा चलने के साथ पहले आसमान पर घने बादल छाने से और फिर तड़ातड हुई बारिश से मौसम का मिजाज एकाएक शनिवार को भी बदल गया। मुरादाबाद में शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर भी दिन भर बारिश हुई थी। आज दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक लगातार रुक रुक कर तेज बारिश हो रही है। बारिश के दौरान शनिवार दोपहर से रात तक शहर की बिजली व्यवस्था बहुत अधिक प्रभावित हो गई।

मुरादाबाद जनपद में लगातार हो रही बारिश से मुरादाबाद और आसपास के जनपदों के मौसम में काफी परिवर्तन आ गया है। शनिवार को मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज सुबह से आसमान पर छाए गरजदार बादलों ने दोपहर से रात तक कई बार तेज बौछार बरसाई जिससे मौसम काफी खुशगवार हो गया। मौसम विभाग ने मुरादाबाद में अगले दो दिनों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की तरफ से मुरादाबाद में अगले दो दिनों में भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार और सोमवार को आसमान पर काफी घने बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। एक या दो बार बहुत तेज बारिश होने की भी संभावना है।

कई जगह बारिश के दौरान गुल हुई बिजली :

बारिश के दौरान शनिवार दोपहर से रात तक शहर की बिजली व्यवस्था बहुत अधिक प्रभावित हो गई। दोपहर करीब तीन बजे से आशियाना कॉलोनी, रामगंगा विहार, ऑफिसर्स कॉलोनी, पीएसी और हरथला कॉलोनी में अचानक बिजली गुल हो गई जो रात्रि 9 बजे तक नहीं आई। बारिश के बीच बिजली बंद होने से इन इलाकों के लोगों को करीब छह घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल