home page

कानपुर से दिल्ली के लिए ‘कानपुर मेल’ को रेल मंत्रालय की मंजूरी : रमेश अवस्थी

 | 
कानपुर से दिल्ली के लिए ‘कानपुर मेल’ को रेल मंत्रालय की मंजूरी : रमेश अवस्थी


कानपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। कानपुर की जनता की जरूरत और सुविधा को देखते हुए ‘कानपुर मेल’ की मांग लगातार उठाई गई। लोकसभा से लेकर रेलवे की बैठकों तक इस विषय को गंभीरता से रखा गया। रेल मंत्रालय की स्वीकृति से कानपुर के यात्रियों को दिल्ली के लिए एक और महत्वपूर्ण रेल सुविधा मिलेगी। यह बातें शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कही।

कानपुर से दिल्ली के बीच नई दैनिक मेल ट्रेन चलाने की लंबे समय से चली आ रही मांग को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। नई रेल सेवा कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच संचालित होगी। इससे कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रियों का आवागमन और सुगम होगा।

सांसद रमेश अवस्थी ने कानपुर की बढ़ती आबादी, औद्योगिक गतिविधियों और व्यापारिक जरूरतों को देखते हुए नई मेल ट्रेन की मांग रेलवे के उच्चाधिकारियों के साथ-साथ लोकसभा में भी उठाई थी। रेलवे से संबंधित बैठकों में भी उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा। लगातार पैरवी के बाद मंत्रालय की ओर से ट्रेन संचालन को मंजूरी दी गई।

रेल मंत्रालय के अनुसार ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होकर सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार से रात 11:25 बजे चलेगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। ट्रेन का ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद समेत विभिन्न स्टेशनों पर होगा।

सांसद ने कहा कि नई ट्रेन से व्यापारियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रात में कानपुर से रवाना होकर सुबह दिल्ली पहुंचने से यात्रियों के समय की बचत होगी। इससे दोनों शहरों के बीच व्यापारिक और सामाजिक संपर्क भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि कानपुर की रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप