home page

रेलवे व सेतु निगम की टीम ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा सेतु निर्माण

 | 
रेलवे व सेतु निगम की टीम ने किया निरीक्षण, जल्द शुरू होगा सेतु निर्माण


बांदा तिंदवारी मार्ग पर बनना है ऊपरगामी सेतु

7196.69 लाख से बनेगा 1579.90 लाख रूपये अवमुक्त

हमीरपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में सुमेरपुर कस्बे के बांदा तिंदवारी मार्ग के रेलवे गेट संख्या 31 सी में बनने वाले उपरगामी सेतु का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए बुधवार को रेलवे एवं सेतु निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नापजोख करके कार्य प्रारंभ करने की रूपरेखा तैयार की है। 7196.69 लाख की लागत से बनने वाले इस उपरगामी सेतु के निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए शासन ने 1579.90 लाख की धनराशि अवमुक्त कर दी है।

कस्बे के बांदा तिंदवारी मार्ग में रेलवे के गेट संख्या 31 सी में वर्षों से उपरगामी सेतु की मांग कस्बा वासी कर रहे थे। इस मांग को स्वीकार करते हुए यहां पर 7196.69 लाख की लागत से उपरगामी सेतु निर्माण को वित्तीय वर्ष 2025-26 में हरी झंडी प्रदान करके कार्य शुरू करने के लिए 1579.90 लाख की धनराशि शासन ने अवमुक्त कर दी है। बुधवार को रेलवे एवं सेतु निगम की संयुक्त टीम ने मौके का दौरा करके कार्य शुरू करने की रूपरेखा तैयार की है। अब इस कार्य के जल्द शुरू होने के आसार बन गए है। इससे कस्बे के लोगों में हर्ष का माहौल है। कस्बे के निवासी सगीर खान, जयप्रकाश दीक्षित, कुंज बिहारी पांडे आदि ने कहा कि उपरगामी सेतु बन जाने से जाम के झाम से मुक्ति मिल जाएगी और आवागमन सुगम हो जाएगा। रेलवे के रेल पथ निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि टेंडर हो चुका है। निर्माण शुरू करने की कवायद शुरू हो चुकी है। नक्शा आदि में बदलाव किया जा रहा है। जल्द ही नक्शा फाइनल करके कार्य प्रारंभ किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के सहायक अभियंता एके पंकज, सीनियर सेक्शन इंजीनियर रेल पथ उपेंद्र कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य सर्वेश कुमार आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा