खुसरोबाग-लूकरगंज रेलवे ओवरब्रिज पुनर्निर्माण के लिए 10 अप्रैल से बंद
प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स)। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज जी.टी रोड स्थित (खुसरोबाग-लूकरगंज मार्ग) पर पानी की टंकी के समीप स्थित हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग (किमी 826/25-27, समपार संख्या 38-डी) के ऊपर बने पुराने क्षतिग्रस्त रेल उपरिगामी सेतु के स्थान पर नए सेतु का निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को मई-2026 से प्रारम्भ होकर मई-2028 तक पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। इस निर्माण के शुरू होने से एक माह पूर्व रेलवे द्वारा पुराने हिस्से को तोड़ने (डिस्मेंटलिंग) का कार्य किया जाएगा। अतः इस पुराने फ्लाईओवर पर सड़क यातायात का संचालन 10 अप्रैल से पूर्ण रूप से बंद कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रेलवे ने सभी नागरिकों एवं वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे इस मार्ग के पूर्णतः बंद रहने के कारण वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। किसी असुविधा से बचने के लिए यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित डायवर्जन का पालन करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

