शक्ति स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा, 4 दवाओं के नमूने सीज
जौनपुर, 16अप्रैल (हि.स.)। मुंगराबादशाहपुर थाना अंतर्गत शक्ति स्पेशलिटी हॉस्पिटल में संचालित अवैध मेडिकल स्टोर और क्लिनिक पर गुरुवार को औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी से हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने चार संदिग्ध दवाओं के नमूने कब्जे में लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला औषधि निरीक्षक रजत कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में अस्पताल परिसर में बिना वैध लाइसेंस के दवा बिक्री का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त औषधि, वाराणसी मंडल के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में रजत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक वाराणसी चन्द्रेश द्विवेदी और गाजीपुर के बृजेश कुमार मौर्य की टीम ने अस्पताल परिसर में छापा मारा। ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध दवाओं के नमूने सीज किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।जिला औषधि निरीक्षक ने बताया कि पूरे जनपद में अवैध दवा कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए एडीएम (वित्त एवं राजस्व) से पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की मांग की गई है। 16 अप्रैल से शुरू इस अभियान के तहत जिले के कई चिन्हित स्थानों पर लगातार छापेमारी की जाएगी।विभाग की इस कार्रवाई से अवैध दवा विक्रेताओं और झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है। छापेमारी की सूचना मिलते ही कई मेडिकल स्टोर और पैथोलॉजी संचालक दुकानें बंद कर फरार हो गए। अधिकारियों ने साफ कहा है कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

