home page

विधायक ने ड्राई स्विमिंग कर जताया विरोध, तरणताल की बदहाली पर उठाए सवाल

 | 
विधायक ने ड्राई स्विमिंग कर जताया विरोध, तरणताल की बदहाली पर उठाए सवाल


कानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। नाना राव पार्क स्थित तरणताल की बदहाल स्थिति अधिकारियों की लापरवाही का परिणाम है। बार-बार कमियां बताने और जानकारी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे सरकार को हर महीने लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है और आम जनता अपने अधिकार से वंचित है। यह बातें मंगलवार को आर्यनगर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कही।

शहर के फूलबाग स्थित नाना राव पार्क का तरणताल इस समय बदहाली का शिकार है। यह केवल एक स्विमिंग पूल नहीं, बल्कि युवाओं और आम लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा रहा है। हर वर्ष होली से पहले मार्च माह में इसे शुरू कर दिया जाता था और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आम जनता के लिए खोला जाता था, लेकिन इस बार अप्रैल माह बीतने के बाद भी यह चालू नहीं हो सका है।

इसी को लेकर आज विधायक अमिताभ बाजपेयी अपने समर्थकों के साथ तरणताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नाट्य रूपांतरण के जरिए अपना विरोध जताया और बताया कि बार-बार कहने के बावजूद पूल को चालू नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी इस मामले में लापरवाही बरतते हुए चैन की नींद फरमा रहे हैं और समस्या के समाधान के बजाय उदासीन बने हुए हैं।

विरोध स्वरूप विधायक अपने समर्थकों के साथ तरणताल परिसर में ड्राई स्विमिंग करते नजर आए, जिसके माध्यम से उन्होंने अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस अनोखे प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और मौके पर मौजूद लोगों ने भी इसका समर्थन किया।

बताया गया कि तरणताल बंद रहने से सरकार को हर महीने लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है, जबकि दूसरी ओर निजी स्विमिंग पूल संचालकों को इसका लाभ मिल रहा है। इसके अलावा पार्क में स्थित ओपन जिम की हालत भी खराब है, जहां उपकरण टूटे पड़े हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और तरणताल को जल्द शुरू कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप