मिशन संपूर्ण समाधान के तहत जिले की 4 तहसीलों में 20 जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण अंतिम निस्तारण
मुरादाबाद, 09 अक्टूबर (हि.स.)। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में संचालित ‘मिशन संपूर्ण समाधान’ के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद की तहसील ठाकुरद्वारा, कांठ, बिलारी एवं सदर में पांच-पांच, कुल 20 जनशिकायतों का निस्तारण कराया गया।
संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रकरणों की जांच कराते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया गया। तहसील ठाकुरद्वारा में ग्राम बोवदवाला निवासी सुभानी की नया राशन कार्ड बनवाने संबंधी शिकायत पर जांच के उपरांत पात्र गृहस्थी श्रेणी का राशन कार्ड जारी कराया गया। ग्राम पाकबड़ा निवासी नईम अहमद की खतौनी में अंश दुरुस्त कराने संबंधी शिकायत पर सही अंश दर्ज कराया गया।
इसी प्रकार गोपाल सिंह की विरासत दर्ज कराने संबंधी शिकायत का निस्तारण करते हुए विरासत दर्ज कराई गई। ग्राम कालेवाला निवासी श्रीमती भूषण देवी की खतौनी में नाम दुरुस्त कराने संबंधी शिकायत पर राजस्व अभिलेखों में आवश्यक संशोधन कराया गया। वहीं, ग्राम जहांगीरपुर निवासी कमल सिंह की आय प्रमाण पत्र जारी कराने संबंधी शिकायत पर जांच के बाद आय प्रमाण पत्र जारी कराया गया।
तहसील कांठ में राजीव कुमार की अवैध कब्जा हटवाने संबंधी शिकायत पर उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए गाटा संख्या 488, रकबा 0.011 हेक्टेयर से अवैध कब्जा हटवाकर मेड़बंदी कराई गई। ग्राम उमरी कलां निवासी नफीसुद्दीन की खतौनी में अंश दुरुस्त कराने संबंधी शिकायत पर नियमानुसार अभिलेखीय कार्रवाई करते हुए उनका वास्तविक एवं विधिक अंश दुरुस्त कराया गया।
इसके अतिरिक्त सतवीर सिंह की अंश दुरुस्ती संबंधी शिकायत पर संबंधित गाटा संख्या के अभिलेखों में आवश्यक संशोधन कराया गया। तहसील बिलारी में ग्राम दौलतपुर भरकाऊ निवासी कौशल की खतौनी में अंश दुरुस्त कराने संबंधी शिकायत पर उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 38(6) के अंतर्गत अंश दुरुस्त कराया गया। ग्राम इमरतपुर सिरसी निवासी किशवरी की शिकायत पर भी गाटा संख्या 168, रकबा 0.0161 हेक्टेयर में खतौनी का अंश दुरुस्त कराया गया।
जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। मिशन के माध्यम से राजस्व, राशन कार्ड, प्रमाण पत्र तथा अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

