home page

शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी प्राथमिकता : नगर आयुक्त

 | 
शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी प्राथमिकता : नगर आयुक्त


कानपुर, 24 मार्च (हि.स.)। झकरकटी तालाब का सौन्दर्यीकरण इस प्रकार किया जाएगा कि अन्य विभागों की परियोजनाएं भी प्रभावित न हों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है, ताकि आमजन को सीधे लाभ मिल सके। यह बातें मंगलवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहीं।

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने आज झकरकटी बस अड्डे के पास स्थित तालाब के सौन्दर्यीकरण कार्य और जोन-5 के अंतर्गत फजलगंज में निर्माणाधीन बारातशाला का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न कार्यों में पाई गई कमियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

झकरकटी बस अड्डे के समीप तालाब के सौन्दर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने बताया कि 15वें वित्त आयोग के तहत 4.32 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। इस कार्य में तालाब के किनारे स्टोन पिचिंग, पाथवे निर्माण, पीने के पानी के लिए आरओ प्लांट, डस्टबिन, बेंच, हाईमास्ट लाइट, शौचालय ब्लॉक और बाउंड्रीवाल जैसे कार्य शामिल हैं। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि मेट्रो और रोडवेज की चल रही परियोजनाओं के बीच समन्वय बनाते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आने वाले समय में यह स्थान नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

इसके बाद उन्होंने फजलगंज वार्ड-20 में निर्माणाधीन बारातशाला का दौरा किया। अधिकारियों ने बताया कि करीब 3.90 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस बारातशाला का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसमें 250 से 350 लोगों की क्षमता, पांच कमरे बाथरूम सहित, महिला-पुरुष शौचालय, रिसेप्शन, लॉन और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान लॉन का कार्य अधूरा पाए जाने पर नगर आयुक्त ने एक सप्ताह के भीतर घास लगाने और शेष कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि अप्रैल माह से इसकी बुकिंग शुरू कराई जा सके।

इस दौरान बारातशाला परिसर में एक कमरे में अवैध कब्जा भी पाया गया, जिस पर नगर आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाने और आसपास की भूमि की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही क्षेत्रीय पार्षद द्वारा कूड़ाघर के स्थानांतरण की मांग पर नगर आयुक्त ने वैकल्पिक स्थल चिन्हित कर वहां ट्रांसफर स्टेशन विकसित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त बैंक ऑफ बड़ौदा से स्लॉटर हाउस होते हुए फायर ब्रिगेड तक बनी सड़क का भी जायजा लिया गया। सड़क के किनारे धूल और अतिक्रमण पाए जाने पर नगर आयुक्त ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप